Jamtara : जामताड़ा जिला भाजपा महिला मोर्चा की ओर से जिला कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने की। इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि सितंबर 2023 में संसद में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब कानून का रूप लेने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने इसे देश के लिए ऐतिहासिक और स्वर्णिम क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की महिलाओं के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने वाला बड़ा कदम है। इस कानून के लागू होने से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे वे नीति निर्माण में सीधे भागीदारी निभा सकेंगी।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक महिलाओं के सशक्तिकरण की बातें होती रहीं, लेकिन ठोस पहल नहीं की गई। पहली बार केंद्र सरकार ने इस दिशा में निर्णायक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं, जिनका लाभ देशभर की महिलाएं उठा रही हैं।
इस मौके पर जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि देश की आधी आबादी को मजबूत बनाने का सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी में वृद्धि होगी और वे देश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।
वहीं मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को लगातार सम्मान और अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, संजू देवी, सोनम प्रकाश, ज्योति देवी और मीनू देवी सहित कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
Also Read : जामताड़ा में युवा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, असम सीएम का पुतला फूंककर केंद्र पर साधा निशाना


