Palamu :जिले के पंकी थाना क्षेत्र के ठेकही अंदग गांव में एक ही परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई। सगाई के मौके पर बढ़ते भाइयों के बीच शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की टांगी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक पिंटू भुईयां चार भाइयों में एक था। घर में सबसे बड़े भाई के बेटे की सगाई थी, जिसको लेकर सभी भाई एक साथ जमा हुए थे। माहौल खुशी का था, लेकिन इसी दौरान शराब पीने के बाद पिंटू और उसके छोटे भाई सीटू भुईयां के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सीटू ने गुस्से में टांगी उठा ली और पिंटू पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में पिंटू को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना के बाद परिजन शव को अस्पताल से लेकर सीधे गांव पहुंच गए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि घटना शराब के नशे में हुए विवाद का नतीजा है। हत्या करने वाला छोटा भाई सीटू भुईयां फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों भाई बाहर ईंट भट्ठा में काम करते थे। सगाई जैसे खुशहाल मौके पर हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। गांव में भी घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है।
