Ranchi : भारत रत्न और देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के मौके पर शनिवार को रांची के आर्यभट्ट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरदार पटेल स्मृति समिति की ओर से हुए इस आयोजन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, विधायक सीपी सिंह और मेयर रौशनी खलखो समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
लौह पुरुष को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने ‘लौह पुरुष’ सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए और उन्होंने सरदार पटेल के जीवन व योगदान के बारे में गहरी रुचि दिखाई।
150वीं जयंती वर्ष पर देशभर में कार्यक्रम
सरदार पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को हुआ था और 2026 में उनकी 150वीं जयंती वर्ष मनाई जा रही है। इसी कड़ी में देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उनके विचार और राष्ट्रीय एकता का संदेश लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने 500 से ज्यादा रियासतों का भारत में विलय कर एक मजबूत राष्ट्र की नींव रखी थी।
राज्यपाल बोले- उनके बताए रास्ते पर चलने की जरूरत
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आज के दौर में भी सरदार पटेल के विचार उतने ही जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि देश की एकता और मजबूती में उनका योगदान सबसे बड़ा है और हमें उनके बताए रास्ते पर चलने की जरूरत है।
सीपी सिंह का कांग्रेस पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान विधायक सीपी सिंह ने कहा कि सरदार पटेल को उनका उचित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का नाम हमेशा अमर रहेगा और देश उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता। इस अवसर पर सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर आधारित स्मारिका का भी विमोचन किया गया।
Also Read : नीलामी विवाद में लातेहार DMO को झटका, हाईकोर्ट ने कहा- 28 लाख तुरंत चुकाएं


