Jamtara : जामताड़ा के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 18420 जयनगर-पुरी साप्ताहिक एक्सप्रेस की जनरल बोगी से अचानक धुआं उठने लगा। यह घटना जामताड़ा स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर पहले हुई। धुआं और चिंगारी उठते देख लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी।
यात्रियों में मचा हड़कंप, खिड़कियों से कूदे लोग
जैसे ही बोगी से धुआं उठता दिखा, जनरल डिब्बे में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई। डर के मारे लोग खिड़कियों से कूदने लगे। महिलाएं, बच्चे और पुरुष किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे।
सामने से आ रही ट्रेन ने बढ़ाई खतरे की स्थिति
हालात उस समय और गंभीर हो गए, जब सामने से एक एक्सप्रेस ट्रेन तेज रफ्तार में उसी ट्रैक पर आ रही थी। ऐसे में हादसे का खतरा और बढ़ गया, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाते हुए यात्रियों को तुरंत पटरी से दूर हटाया।
स्थानीय लोगों ने टाली बड़ी दुर्घटना
स्थानीय युवक कालू मंडल, पप्पू मिश्रा, तनवीर आलम समेत कई लोगों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। उनकी सतर्कता और तेजी से कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
पानी डालकर बुझाई आग
इस दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बोतल के पानी से आग पर काबू पाया। कुछ देर बाद रेलवे कर्मचारी और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया।
आधे घंटे बाद फिर चली ट्रेन
स्थिति सामान्य होने के बाद यात्रियों को दोबारा ट्रेन में बैठाया गया। करीब आधे घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही, जिसके बाद उसे फिर से रवाना किया गया। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और आपात स्थिति में सतर्कता की अहमियत को उजागर कर दिया।
Also Read : लातेहार स्थापना दिवस पर राहुल सिंह का बड़ा ऐलान, बोले- कोई बच्चा शिक्षक के बिना नहीं रहेगा


