Ranchi : रांची जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर प्रशासनिक टीम ने एदलहातु इलाके में एक मकान पर छापा मारा, जहां अवैध रूप से घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों का भंडारण और रिफिलिंग की जा रही थी।
छापेमारी रात करीब 8:55 बजे की गई। मौके से कई गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि मकान किराए पर लेकर एक व्यक्ति अवैध तरीके से गैस सिलिंडरों को छोटे सिलिंडरों में भरकर कालाबाजारी कर रहा था।
क्या-क्या हुआ बरामद
छापेमारी के दौरान प्रशासन को निम्नलिखित सामान मिला:
- 14.2 किलो के 3 भरे और 2 खाली घरेलू गैस सिलेंडर (इंडेन)
- 14.2 किलो का 1 भरा घरेलू गैस सिलेंडर (एचपी)
- 5 किलो का 1 खाली छोटा सिलेंडर
- 19.2 किलो के 2 खाली व्यावसायिक सिलेंडर (गो गैस)
- गैस रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर और पाइप
- डिजिटल वजन मापने की मशीन
मौके पर ही सभी सामान की विस्तृत जप्ती सूची तैयार की गई। बरामद सिलिंडर और उपकरण संबंधित गैस एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। संबंधित थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है।
लगातार निगरानी में प्रशासन
जिले में इन दिनों घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी की शिकायतें मिल रही हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चला रहा है, ताकि कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
आम लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी गैस सिलिंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिफिलिंग की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन, नजदीकी थाना या ईमेल के जरिए सूचना दें।
Also Read : रामनवमी को लेकर सिमडेगा में प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने जुलूस रूट पर किया पैदल मार्च


