Ranchi : रांची के भगवान बिरसा जैविक उद्यान से एक खुशखबरी सामने आई है। यहां एशियाई शेर के एक नन्हें शावक का जन्म हुआ है, जिससे पूरे उद्यान में खुशी का माहौल है। लंबे समय बाद यहां शेर के बाड़े में फिर से रौनक लौटी है।
पहले खाली हो गया था शेर का बाड़ा
उद्यान के निदेशक जब्बार सिंह ने बताया कि पहले यहां मौजूद एशियाई और हाइब्रिड शेर उम्र ज्यादा होने की वजह से गुजर चुके थे। इसके बाद शेर का बाड़ा खाली हो गया था।
इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रयास किए गए और नंदनवन जू एंड जंगल सफारी से एशियाई शेर का एक जोड़ा रांची लाया गया। इसमें नर शेर ‘अभय’ और मादा ‘सबरी’ शामिल थे। दोनों को 16 जून 2025 को यहां लाया गया और 12 अगस्त को उनका सफल मिलन कराया गया।
नवंबर में हुआ शावक का जन्म
इसके बाद 28 नवंबर 2025 को मादा शेर ‘सबरी’ ने एक मादा शावक को जन्म दिया। जन्म के करीब 10 दिन बाद ही शावक की तबीयत बिगड़ गई थी और हालत काफी गंभीर हो गई थी।
ऐसे में उसे मां से अलग कर उद्यान के पशु अस्पताल में रखा गया, जहां उसकी खास देखभाल की गई। डॉक्टरों और कर्मचारियों की लगातार मेहनत का ही नतीजा है कि अब शावक पूरी तरह स्वस्थ है।
अब मां के पास ही हो रही देखभाल
शावक अब करीब 4 महीने की हो चुकी है और धीरे धीरे बड़ी हो रही है। फिलहाल उसे उसकी मां ‘सबरी’ के पास ही नर्सरी एरिया में रखा जा रहा है, जहां उस पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस पूरे काम में वन विभाग के अधिकारी, पशु चिकित्सक, जीव वैज्ञानिक और वन रक्षियों की अहम भूमिका रही।
दर्शकों के लिए खास इंतजाम
अभी शावक को सीधे तौर पर लोगों के सामने नहीं लाया जा रहा है, लेकिन दर्शकों के लिए खास व्यवस्था की गई है। उद्यान में एक टीवी स्क्रीन लगाई गई है, जिसमें सीसीटीवी के जरिए लोग इस नन्हें शेर शावक को देख सकेंगे। इस मौके पर संजीव कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
Also Read : उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का उलिहातू दौरा तय, भगवान बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि

