दौरा इसलिए भी खास
यह दौरा खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला उलिहातू दौरा होगा। इससे पहले वे झारखंड के राज्यपाल रहते हुए भी यहां आ चुके हैं, इसलिए इस दौरे को प्रतीकात्मक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
प्रशासन अलर्ट मोड में, तैयारियां तेज
उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। उलिहातू के कंट्रापीढ़ी क्षेत्र और खूंटी में आईओसीएल डिपो के पीछे अस्थायी हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
पहले भी बन चुका है हेलीपैड
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान भी इसी इलाके में अस्थायी हेलीपैड बनाए गए थे। इस बार भी उसी तर्ज पर तेजी से तैयारियां चल रही हैं, ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के पूरा हो सके।
अधिकारियों ने किया स्थल का निरीक्षण
अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि उलिहातू में उपराष्ट्रपति का करीब एक घंटे का कार्यक्रम तय है। बुधवार को एसडीओ दीपेश कुमारी, डीएसपी वरुण रजक और खूंटी थाना पुलिस ने हेलीपैड और आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सुरक्षा और व्यवस्था पर खास फोकस
पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि दौरा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमामय तरीके से संपन्न हो।
स्थानीय लोगों में उत्साह
उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह है। बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर देश के उपराष्ट्रपति का आना इस इलाके के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।