Ranchi : झारखंड के पानीपड़ा इलाके में स्वर्णरेखा नदी किनारे पिछले सात दिनों से एक संदिग्ध और विशाल बम पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों में इसे लेकर डर बना हुआ था। अब इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना की टीम मौके पर पहुंच गई है।
ड्रोन से हो रही इलाके की निगरानी
बम की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेषज्ञ टीम पूरी सावधानी बरत रही है। ड्रोन के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह का खतरा न हो और स्थिति का सही आकलन किया जा सके।
इलाके को किया गया सील, सुरक्षा कड़ी
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और उसे सील कर दिया गया है। मौके पर एसडीपीओ अजीत कुजूर, थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, अंचल अधिकारी राजाराम सिंह मुंडा समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पूरे इलाके में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है।
सेना अधिकारी बोले- यह जिंदा बम है
रांची से पहुंचे सेना के अधिकारी आयुष कुमार ने साफ कहा है कि यह एक जिंदा बम है। उन्होंने बताया कि पहले इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके बाद तय प्रक्रिया के तहत आसपास के इलाके को खाली कराया जाएगा और विशेषज्ञों की निगरानी में नियंत्रित विस्फोट कर इसे निष्क्रिय किया जाएगा।
एक और संदिग्ध वस्तु मिलने से बढ़ी चिंता
इसी दौरान गांव में एक और संदिग्ध वस्तु मिलने से चिंता और बढ़ गई है। विशेश्वर सेनापति के घर के सामने मिट्टी में दबा लोहे के सिलेंडर जैसा एक सामान मिला है। इसे सावधानी से बाहर निकालकर नदी किनारे सुरक्षित जगह पर रखा गया है और इसकी भी जांच की जा रही है।
लोगों में डर, प्रशासन पूरी तरह सतर्क
घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। हालांकि प्रशासन और सेना पूरी तरह सतर्क है और हर कदम सोच-समझकर उठाया जा रहा है।
Also Read : पाकुड़ पुलिस का सख्त एक्शन, अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार


