Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम पूरी तरह पलट गया है। कभी गरज के साथ तेज बारिश हो रही है तो कहीं वज्रपात की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालात ऐसे हैं कि अब तक राज्य में आकाशीय बिजली गिरने से छह लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही बारिश का असर सीधे तापमान पर दिख रहा है। दिन का तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे चला गया है, वहीं रात का तापमान भी लगभग 3 डिग्री कम हो गया है। इससे लोगों को तेज गर्मी से राहत जरूर मिली है।
एक हफ्ते से जारी है रुक-रुक कर बारिश
पिछले एक सप्ताह से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जिसका असर पूरे झारखंड पर दिख रहा है। सोमवार को भी राजधानी रांची समेत कई जिलों में गरज और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें और समय रहते सुरक्षित जगह पहुंच जाएं।
24 मार्च से साफ होगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 24 मार्च से आसमान साफ होने लगेगा। बारिश थमते ही एक बार फिर गर्मी अपने तेवर दिखा सकती है। अनुमान है कि तापमान तेजी से बढ़कर 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। 25 और 26 मार्च को आंशिक बादल रहेंगे और तापमान धीरे-धीरे 30, 32 और 34 डिग्री तक पहुंच सकता है।
फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश के आसार
मौसम ज्यादा दिन शांत नहीं रहेगा। 27 और 28 मार्च को फिर से मौसम बदलने के संकेत हैं। इस दौरान तेज हवा (40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) चल सकती है, साथ ही गरज के साथ बारिश और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 7 साल में मार्च में इतनी बारिश और ठंड पहली बार दर्ज की गई है।
Also Read : पाकुड़ में अवैध हथियार के साथ दो युवक धराए, पुलिस ने भेजा जेल

