Ranchi : प्रकृति पर्व सरहुल और ईद के मौके पर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभालते नजर आए। शहर में जुलूस और नमाज को लेकर उमड़ी भीड़ के बीच उन्होंने विभिन्न चौक-चौराहों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। ट्रैफिक एसपी ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और हर हाल में यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने का निर्देश दिया। कई स्थानों पर वे खुद सड़क पर खड़े होकर वाहनों को डायवर्ट करते और जाम हटाते दिखे।
त्योहार के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए उन्होंने आम नागरिकों से भी सीधे संवाद किया। लोगों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी गई और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। सरहुल जुलूस और ईद की नमाज को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। एसपी का कहना है कि दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। लगातार निगरानी रखी जा रही है और हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
Also Read : सरहुल में मांदर की थाप पर थिरके सीएम, बोले- प्रकृति से ही जीवन, परंपराओं को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी


