Pakur : पाकुड़ रेलवे स्टेशन के लिए अब अच्छे दिन आते दिख रहे हैं। वर्षों की उपेक्षा के बाद आखिरकार यहां रेल सुविधाओं को लेकर सकारात्मक बदलाव शुरू हो गया है। शताब्दी और न्यू जलपाईगुड़ी-चेन्नई एक्सप्रेस जैसी बड़ी ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी मिल गई है। इससे इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा आसान हो जाएगी।
राजस्व में टॉप, फिर भी उपेक्षित रहा स्टेशन
दिलचस्प बात यह है कि पाकुड़ रेलवे स्टेशन हावड़ा डिवीजन में 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व देता है और कमाई के मामले में दूसरे नंबर पर है। पहले स्थान पर हावड़ा रेलवे स्टेशन है। इसके बावजूद पाकुड़ को अब तक ‘ए’ श्रेणी का दर्जा नहीं मिल पाया था, जो लंबे समय से लोगों की नाराजगी का कारण बना हुआ था।
आंदोलन के बाद जागा रेलवे
रेलवे की इस अनदेखी के खिलाफ स्थानीय स्तर पर आवाज भी उठी। पत्थर कारोबारियों ने रैक लोडिंग तक बंद कर दी थी, जिससे मामला काफी गरमा गया। बाद में कोलकाता में रेलवे के जीएम स्तर की बैठक हुई, जिसके बाद आंदोलन खत्म हुआ और रेलवे ने इस दिशा में कदम बढ़ाना शुरू किया।
अब भी कई ट्रेनों का नहीं है ठहराव
हालांकि स्थिति पूरी तरह नहीं बदली है। अभी भी एक दर्जन से ज्यादा एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव यहां नहीं है। कोरोना काल में बंद हुई कई ट्रेनें अब तक शुरू नहीं हो सकी हैं। सबसे बड़ी बात, यहां से पटना और दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा का अभाव अब भी बना हुआ है।
वंदे भारत की भी उम्मीद
रेल यात्रियों को अब उम्मीद है कि आने वाले समय में वंदे भारत और वंदे भारत स्लीपर जैसी आधुनिक ट्रेनों का भी ठहराव यहां मिल सकता है। अगर ऐसा होता है, तो पाकुड़ की कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आएगा।
नई परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर
रेलवे ने सिर्फ ट्रेनों के ठहराव तक ही कदम नहीं बढ़ाया है, बल्कि नई परियोजनाओं की भी घोषणा की है। पाकुड़-गोड्डा नई रेल लाइन के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही पाकुड़-सैंथिया फोर लाइन परियोजना भी घोषित हो चुकी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ट्रेनों का दबाव कम होगा और आवाजाही ज्यादा आसान हो जाएगी।
व्यापार और रोजगार को भी मिलेगा फायदा
बेहतर रेल कनेक्टिविटी का सीधा असर इलाके के व्यापार और उद्योग पर पड़ेगा। पत्थर उद्योग से लेकर अन्य कारोबार को नई रफ्तार मिलेगी और रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे।
Also Read : झारखंड में डिप्टी कलेक्टर के 51 पदों पर भर्ती, 21 मार्च से शुरू होंगे आवेदन


