Ranchi : रांची नगर निगम के महापौर और वार्ड पार्षद तथा बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष और उनके वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण कल, 19 मार्च को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से रांची समाहरणालय भवन के ब्लॉक A में कमरा संख्या 207 और 608 में होगा। शपथ ग्रहण समारोह के बाद रांची नगर निगम के उपमहापौर और बुंडू नगर पंचायत के उपाध्यक्ष का चुनाव भी किया जाएगा। शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए रांची के सदर एसडीएम कुमार रजत ने समाहरणालय भवन परिसर में निषेधाज्ञा जारी की है। यह निषेधाज्ञा सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी।
निषेधाज्ञा में ये बातें शामिल हैं
- समाहरणालय परिसर में पांच या उससे अधिक लोग इकट्ठा नहीं हो सकेंगे। सरकारी कर्मचारी और कार्यक्रम में लगे अधिकारी इस नियम से मुक्त होंगे।
- परिसर में किसी भी तरह के हथियार, जैसे बंदूक, रिवाल्वर, पिस्टल, बम, लाठी, डंडा, भाला, तीर-धनुष आदि लेकर आना सख्त मना है।
- इस दिन कोई धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली या आम सभा आयोजित नहीं की जा सकेगी।
- ध्वनि बढ़ाने वाले उपकरण का उपयोग भी निषिद्ध रहेगा। सरकारी कर्मचारी और कार्यक्रम में लगे अधिकारी इससे छूट पाएंगे।
सदर एसडीएम कुमार रजत ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निषेधाज्ञा का पालन करें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें। उनका कहना है कि नागरिकों के सहयोग से शपथ ग्रहण कार्यक्रम सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगा।
Also Read : कोडरमा में विवाहिता की संदिग्ध मौ’त, मायके पक्ष ने लगाया ह’त्या का आरोप


