Ranchi : दुनिया के कुछ देशों के बीच चल रहे युद्ध के माहौल को देखते हुए झारखंड में भी प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए झारखंड पुलिस की ओर से सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश रांची, जमशेदपुर एवं धनबाद के एसएसपी और राज्य के अन्य जिलों के एसपी (रेल पुलिस सहित) को भेजा गया है। आदेश झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी किया गया है।
पेट्रोल-डीजल और LPG को लेकर डर का माहौल बनने की आशंका
पुलिस मुख्यालय की ओर से कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध के कारण लोगों में पेट्रोल, डीजल और LPG गैस की कमी को लेकर डर का माहौल बन सकता है। ऐसी स्थिति में जमाखोरी, कालाबाजारी या अफवाह फैलने से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से राज्य भर की पुलिस को पहले से ही सतर्क रहने और हर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि पेट्रोल, डीजल और LPG गैस की अनावश्यक जमाखोरी या कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखें। अगर कोई व्यक्ति या संस्था इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोल पंप और गोदामों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
प्रशासन ने पेट्रोलियम उत्पादों के रिटेलर, डिस्ट्रीब्यूटर और वैध गोदामों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही इन जगहों पर CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन पर भी नजर
पुलिस को यह भी कहा गया है कि पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन पर खास ध्यान दिया जाए। कहीं भी अवैध तरीके से स्टॉक जमा करने या ट्रांसपोर्ट में गड़बड़ी की सूचना मिलते ही कार्रवाई की जाए।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस कड़ी नजर रखेगी। अगर कोई व्यक्ति पेट्रोल, डीजल या गैस को लेकर भ्रामक खबर फैलाता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला स्तर पर प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से समन्वय बनाकर फेक न्यूज के प्रसार को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरत पड़ने पर धारा 163 के तहत कार्रवाई
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरत पड़ने परभारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता अनुभाग 163 के तहत कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था की समस्या होने पर थाना स्तर से रोजाना रिपोर्ट डीजी कंट्रोल को भेजने को कहा गया है।
जिला प्रशासन से समन्वय बनाकर रखेगी पुलिस
पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि जिला स्तर पर डीसी और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर लगातार नजर रखें और कानून-व्यवस्था बनाए रखें।
Also Read : जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा : तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो किशोरों की मौ’त


