Ranchi : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन इन दिनों काफी सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बीती रात करीब 2 बजे रांची के SSP राकेश रंजन ने शहर में गश्त कर रही पीसीआर वाहनों और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर एक पदाधिकारी पर तत्काल कार्रवाई भी कर दी गई।
आधी रात को SSP ने किया औचक निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन अचानक रात करीब 02:00 बजे शहर के अलग-अलग इलाकों में गश्त कर रही PCR (पुलिस कंट्रोल रूम) वाहनों की जांच के लिए निकल पड़े। इस दौरान उन्होंने कई जगहों पर रुककर पीसीआर टीमों की गतिविधियों, गश्ती व्यवस्था और तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता का जायजा लिया। निरीक्षण का मकसद यह देखना था कि रात में सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी तरीके से चल रही है और तैनात पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभा रहे हैं या नहीं।

PCR-02 में मिली लापरवाही
निरीक्षण के दौरान PCR-02 में तैनात एक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी का सही तरीके से निर्वहन करते हुए नहीं पाए गए। एसएसपी ने मौके पर ही इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
सभी टीमों को सख्त निर्देश
इस कार्रवाई के बाद एसएसपी ने जिले में तैनात सभी पीसीआर वाहनों और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों के पदाधिकारियों व जवानों को साफ निर्देश दिया कि रात के समय गश्ती के दौरान पूरी तरह सजग और सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध पर नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा के लिए रात की गश्त बेहद अहम है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपराध नियंत्रण के लिए बढ़ाई जा रही निगरानी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजधानी में अपराध पर लगाम लगाने और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना काम करें।

Also Read : कांके थानेदार के खिलाफ हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट, आदिवासी महिला ने लगाया जमीन पर कब्जा करवाने का आरोप

