Chatra : चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र के धनगढढा में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मिलेनियम कंपनी के साइट पर अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार कुछ अज्ञात अपराधी आए और साइट की ओर कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मजदूरों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
काम कर रहे मजदूरों में मचा डर
गोली चलने की आवाज सुनते ही साइट पर काम कर रहे लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ ने पास के सुरक्षित स्थानों पर छिपकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन दहशत इतनी थी कि काम कुछ देर के लिए पूरी तरह ठप हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। पहले भी ठेकेदारों और कंपनियों को लेकर धमकी की बातें सामने आती रही हैं।
सोशल मीडिया पर आया गैंग का संदेश
घटना के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक प्रेस विज्ञप्ति वायरल होने लगी। इसमें खुद को राहुल दुबे गैंग बताते हुए फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है। संदेश में साफ तौर पर दीपक और ‘नन्दन’ नाम के दो लोगों का जिक्र किया गया है। जारी संदेश में लिखा गया है कि आज की गोलीबारी सिर्फ चेतावनी थी। आगे कहा गया है कि अगर बात नहीं मानी गई तो अगली बार अंजाम और गंभीर होगा। भाषा पूरी तरह धमकी भरी है। यहां तक कहा गया है कि जो कोई भी उनके साथ खड़ा दिखेगा, उसे भी नहीं बख्शा जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी की गई। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वायरल हो रहा संदेश असली है या किसी ने माहौल बिगाड़ने के लिए जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है।
इलाके में बढ़ी चौकसी
घटना के बाद धनगढढा और आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। कंपनी प्रबंधन भी फिलहाल सतर्क है और सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इस फायरिंग के पीछे असली वजह क्या है। क्या यह रंगदारी का मामला है या किसी पुराने विवाद का नतीजा, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और लोग डरे हुए हैं।
Also Read : हजारीबाग के मेयर बने पत्रकार अरविंद कुमार राणा, 4657 वोटों से सरफराज अहमद को हराया

