Ramgarh : रामगढ़ नगर निकाय चुनाव को लेकर सोमवार सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया। सुबह हल्की रफ्तार से शुरुआत हुई, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, बूथों पर भीड़ बढ़ती चली गई। दोपहर एक बजे तक जिले की सभी 32 सीटों पर कुल 38.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। अभी मतदान खत्म होने में करीब तीन घंटे बाकी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि शाम तक मतदान प्रतिशत 52 से 55 फीसदी के बीच पहुंच सकता है।
चार प्रखंडों में 97 हजार से ज्यादा मतदाता
बूथों पर दिखा उत्साह, महिलाएं भी पीछे नहीं
सुबह कुछ बूथों पर मतदान की रफ्तार धीमी थी, लेकिन दस बजे के बाद तस्वीर बदल गई। कई बूथों पर महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। बुजुर्ग मतदाता भी पूरे उत्साह के साथ वोट डालने पहुंचे। पहली बार मतदान करने आए युवाओं में खासा जोश दिखा। कई युवाओं ने सेल्फी लेकर अपने पहले वोट का जश्न भी मनाया। कुल मिलाकर माहौल उत्साहपूर्ण और शांतिपूर्ण रहा।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
शांतिपूर्ण मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। रामगढ़ के डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज़ और एसपी अजय कुमार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। हर बूथ पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा गश्ती दल भी अलग-अलग इलाकों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं ताकि कहीं कोई गड़बड़ी न हो। प्रशासन का दावा है कि अब तक मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।
Also Read : निकाय चुनाव 2026 : दोपहर एक बजे तक रांची में 24.90% और बुंडू में 39.77% हुआ मतदान


