Ranchi : रांची जिले में नगर निगम चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड, राँची की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार रांची जिला अंतर्गत नगर निगम चुनाव 23 फरवरी 2026 को मतदान कराए जाएगें। प्रशासन ने इसे लेकर सभी जरूरी इंतजाम शुरू कर दिए हैं।
वोट डालने से पहले पहचान जरूरी
आयोग ने साफ किया है कि मतदान के दौरान हर मतदाता की पहचान सही तरीके से होनी चाहिए। इसलिए वोट देने के लिए पहचान पत्र साथ ले जाना अनिवार्य रहेगा। अगर कोई मतदाता बिना वैध पहचान पत्र के बूथ पर पहुंचता है तो उसे मतदान करने में परेशानी हो सकती है।
ये दस्तावेज होंगे मान्य
नगर निगम चुनाव में मतदान के दौरान मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने 12 प्रकार के दस्तावेजों को मान्य किया है। आयोग के निर्देशानुसार मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र (EPIC) दिखाकर वोट दे सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी प्रमाणिक फोटोयुक्त मतदाता पर्ची भी मान्य होगी। पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस को भी पहचान के तौर पर स्वीकार किया जाएगा। राज्य या केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या पब्लिक लिमिटेड कंपनी द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र भी मान्य दस्तावेजों में शामिल है। वहीं बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, आयकर पहचान पत्र (पैन कार्ड) और आधार कार्ड भी पहचान के लिए प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (NPR), मनरेगा के तहत जारी फोटोयुक्त जॉब कार्ड, फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना (स्मार्ट कार्ड) और फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज भी आयोग द्वारा मान्य किए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाताओं को इनमें से कम से कम एक दस्तावेज मतदान केंद्र पर अपने साथ लाना अनिवार्य होगा, तभी वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
मतदाताओं से अपील
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान के दिन समय से पहले अपने जरूरी दस्तावेज तैयार रखें। खासकर जिनके पास मतदाता पहचान पत्र (EPIC) नहीं है, वे ऊपर बताए गए अन्य मान्य दस्तावेज जरूर साथ लेकर आएं।
प्रशासन अलर्ट मोड में
रांची नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
Also Read : कोडरमा घाटी में इथेनॉल टैंकर पलटा, NH 20 पर लगा लंबा जाम

