Pakur (Mitthu Yadav) : नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में सम्पा साहा, जो पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र से भाजपा समर्थित प्रत्याशी हैं। उन्होंने कोर्ट परिसर में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं से मुलाकात कर समर्थन और सहयोग की अपील की।
कोर्ट परिसर में पहुंचते ही उन्होंने वकीलों से हाथ जोड़कर अभिवादन किया और अपना चुनाव चिन्ह ‘बाल्टी छाप’ (क्रम संख्या 9) का पर्चा भी वितरित किया। माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
“हर वार्ड में किया विकास” – सम्पा साहा
जनसंपर्क के दौरान सम्पा साहा ने कहा कि अध्यक्ष के रूप में उन्होंने नगर के हर वार्ड में विकास कार्य करवाए हैं। पानी, सड़क, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा, “मृतप्राय शहरी जलापूर्ति योजना को हमने धरातल पर उतारा। चांदपुर पुठीमारी से पाकुड़ तक गंगाजल पहुंच चुका है। कलिकापुर में भी लोगों को पानी मिलना शुरू हो गया है। सभी टंकियों तक पानी पहुंच गया है, बस कुछ जगहों पर पाइपलाइन विस्तार का काम बाकी है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का आशीर्वाद मिला तो हर घर और हर मोहल्ले तक गंगा जल पहुंचाया जाएगा और पेयजल की समस्या पूरी तरह खत्म की जाएगी।
विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का वादा
सम्पा साहा ने कहा कि शहर का जो विकास कार्य अधूरा है, उसे पूरा किया जाएगा। “जनता जैसा चाहती है, वैसा ही विकास होगा। हमारा लक्ष्य है साफ-सुथरा और सुविधायुक्त नगर बनाना,” उन्होंने कहा।
कई नेता और समर्थक रहे मौजूद
इस जनसंपर्क अभियान में भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, राष्ट्रीय मंत्री मिस्फिका हसन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्राहित प्रसाद साह, पूर्व जिलाध्यक्ष बलराम दुबे, अमृत पांडेय, जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, दिलीप सिंह, अधिवक्ता मनीष पांडेय, संजीत मुखर्जी, नोरेन साहा, हिसाबी राय, पार्वती देवी, मनोरमा देवी, सुशील साहा समेत दर्जनों कार्यकर्ता और मातृशक्ति मौजूद रही।
Also Read : बोर्ड परीक्षा के बीच डीसी की अपील- बच्चों की पढ़ाई के लिए शांत रखें शहर


