Ranchi : झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा लोगों को ठंड का एहसास करा रहा है, जबकि दिन चढ़ते ही धूप खिलने से मौसम सुहावना हो जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 13 फरवरी से राज्य के कई हिस्सों में सुबह कोहरा रहेगा, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा।
दो दिन गिरेगा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसका मतलब है कि रात की ठंड थोड़ी बढ़ेगी, लेकिन दिन में धूप राहत देती रहेगी।
19 फरवरी तक कोई चेतावनी नहीं
मौसम विभाग ने 13 से 19 फरवरी तक राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान कहीं भी बारिश, तेज हवा या अन्य खराब मौसम की संभावना नहीं है।
सुबह कोहरा और दिन में साफ आसमान का यही सिलसिला जारी रहेगा। किसानों और आम लोगों के लिए यह मौसम सामान्य माना जा रहा है। हालांकि विभाग ने सुबह और देर रात ठंड से बचाव की सलाह दी है।
रांची में 26 से 28 डिग्री के बीच रहेगा तापमान
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी यही मौसम पैटर्न रहेगा। 13 से 17 फरवरी तक सुबह कोहरा रहेगा, इसके बाद आसमान साफ हो जाएगा।
- अधिकतम तापमान: 26 से 28 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान: 9 से 12 डिग्री सेल्सियस
18 और 19 फरवरी को भी मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
गुमला रहा सबसे ठंडा
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.8°C चाईबासा में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक रहा। डालटनगंज में 31.0°C और सरायकेला में 31.6°C अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 26.4°C रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम 8.3°C गुमला में दर्ज किया गया।
- रांची में न्यूनतम तापमान 10.0°C रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है।
- डालटनगंज में 9.6°C और जमशेदपुर में 13.2°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6°C से 3.0°C तक नीचे रहा। फिलहाल झारखंड में दिन हल्के गर्म और रातें ठंडी बनी हुई हैं। मौसम साफ और शुष्क है, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक मौसम स्थिर रहने की उम्मीद है।
Also Read : PLFI के 6 उग्रवादियों को 10-10 साल की सजा, एनआईए कोर्ट का बड़ा फैसला

