Jamtara : पश्चिम बंगाल जाने के रास्ते में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी अचानक कुंडहित के पार्टी कार्यालय पहुंच गए। यहां उन्होंने कुछ देर रुककर स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन की मजबूती को लेकर खुलकर चर्चा की। माहौल अनौपचारिक रहा, लेकिन बातचीत में गंभीर मुद्दे भी उठे।
“हर मरीज को आधुनिक इलाज मिले, यही कोशिश”
पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई स्तर पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया तेज की जा रही है। पैथोलॉजी लैब को अपग्रेड किया जा रहा है। कई जगहों पर सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं देने की तैयारी है। साथ ही नर्सिंग स्टाफ की कमी भी दूर की जाएगी। उन्होंने साफ कहा, “मेरा लक्ष्य है कि हर मरीज को आधुनिक इलाज मिले। इलाज के लिए लोगों को भटकना न पड़े।” मंत्री ने यह भी कहा कि बहुत जल्द बड़े पैमाने पर डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। इससे जामताड़ा में डॉक्टरों की जो कमी है, वह काफी हद तक पूरी हो जाएगी।
“डॉक्टरों का मनोबल मत तोड़िए”
डॉ. अंसारी ने राजनीतिक बयानबाजी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग साजिश के तहत डॉक्टरों का मनोबल गिराने की कोशिश करते हैं। चाईबासा और हजारीबाग जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने जनता से अपील की कि डॉक्टरों को सहयोग करें। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “खामियां निकालना है तो निकालिए, लेकिन सुझाव भी दीजिए। हम सुधार के लिए तैयार हैं। सिर्फ राजनीति करने से काम नहीं चलेगा।”
अबुआ स्वास्थ्य कार्ड पर बड़ी बात
मंत्री ने अबुआ स्वास्थ्य कार्ड की चर्चा करते हुए बताया कि पहले इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का इलाज कवर था, जिसे बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड ऐसा पहला राज्य है जहां लोगों को 15 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। उनका कहना था कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
कुंडहित सीएचसी की समस्याएं भी उठीं
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कुंडहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की समस्याएं भी रखीं। डॉक्टर क्वार्टर, एक्स-रे टेक्नीशियन की नियुक्ति, गायनोकोलॉजिस्ट की जरूरत और सीएचसी भवन से जुड़ी मांगें सामने आईं। इस पर डॉ. अंसारी ने भरोसा दिलाया कि वे विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से बात करेंगे और आगामी सदन में इन मुद्दों को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कुंडहित जैसे पिछड़े इलाके का विकास उनकी प्राथमिकता में है।
संगठन को और मजबूत करने पर जोर
बैठक में संगठन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि कुंडहित में कांग्रेस कमजोर नहीं है, लेकिन उसे और मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ताकत से काम करें और आने वाले चुनावों के लिए अभी से तैयारी शुरू करें। उन्होंने यह भी कहा कि लक्ष्य साफ होना चाहिए और मेहनत में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
कई नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर पंकज झा, समर माजी, प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र घोष, रंजीत लायक, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उजाला मुर्मू, सलीम खान, टिंकू अंसारी, झामुमो नेता अतावर खान सहित दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Also Read : बहन की शादी वाले दिन भाई की दर्दनाक मौ’त… जानें कैसे


