Ranchi : मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में अगले एक सप्ताह तक मौसम के मिजाज में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा या कुहासा देखने को मिल सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा धीरे-धीरे छंट जाएगा और मौसम साफ हो जाएगा।
सुबह रहेगा कोहरा, दिन में निकलेगी धूप
मौसम विभाग ने बताया है कि रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इन इलाकों में सुबह हल्का कोहरा रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा और धूप खिलेगी।
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में भी सुबह कुहासा छाने की संभावना है। दिन में मौसम साफ रहने से लोगों को धूप का आनंद मिलेगा।
पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
तापमान में होगी धीरे-धीरे गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे ठंड का असर और बढ़ जाएगा।
रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 5 फरवरी के बाद सुबह और रात में ठंड ज्यादा महसूस होगी।
अलग-अलग इलाकों में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
मध्य झारखंड के जिलों में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा सकता है। गुमला में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
दक्षिण झारखंड में दिन के समय अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा, लेकिन रातें यहां भी ठंडी रहेंगी। उत्तर-पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
फिलहाल कोई अलर्ट नहीं
मौसम विभाग ने बताया है कि फिलहाल 9 फरवरी तक के लिए किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।
दिन-रात के तापमान में बढ़ेगा अंतर
कुल मिलाकर आने वाले दिनों में प्रदेश में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बढ़ेगा। दिन में हल्की गर्मी और रात में सर्दी का असर बना रहेगा। खासकर सुबह और शाम के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह के समय कोहरे के कारण वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें।
Also Read : नामांकन पर्चा दाखिल करते ही प्रत्याशी दिखाने लगे दम, अध्यक्ष पद पर घमासान होने के आसार


