Ranchi : झारखंड में ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान ठंड में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लोग अब सुबह-शाम शॉल, टोपी और दो-दो स्वेटर पहनकर ही बाहर निकल रहे हैं। घना कोहरा और ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया है।
हिमालय की बर्फबारी से बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, हिमालय क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी का सीधा असर झारखंड पर पड़ रहा है। पश्चिमी हवाएं वहां से ठंडी हवा लेकर आ रही हैं, जिससे राज्य में कनकनी बढ़ गई है। इसी वजह से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
रांची में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री पर
राजधानी रांची में मौसम पूरी तरह बदल गया है। कोहरे और धुंध की वजह से सूरज की रोशनी भी फीकी पड़ गई है। सड़कों पर लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। बीते 24 घंटों में रांची का न्यूनतम तापमान गिरकर 8.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इससे पहले यह 11 से 12 डिग्री के आसपास था।
इन जिलों में ज्यादा ठंड का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया है कि आज पलामू और गुमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रांची, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा और चतरा में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इन जिलों में सुबह और शाम को तेज कनकनी महसूस हो सकती है।
राज्य के बाकी हिस्सों में ठंड का असर थोड़ा कम रहेगा। वहां न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है।
Also Read : रामगढ़ नगर परिषद चुनाव : जेएलकेएम ने घोषित किया उम्मीदवार, प्राथमिकी दर्ज


