Ranchi : झारखंड में शनिवार को मौसम साफ रहने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीते दो दिनों से लगातार गिर रहे न्यूनतम तापमान में अब इजाफा शुरू हो गया है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटों में करीब 3 डिग्री की वृद्धि दर्शाता है। वहीं, कांके राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान रात के न्यूनतम और दिन के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। शनिवार को दिन में मौसम खुला रहा, हालांकि सुबह के समय हल्का कुहासा देखने को मिला।
राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। चाईबासा में अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा मेदिनीनगर, कोल्हान, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंचने से गर्मी का असर महसूस किया गया।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 26 और 27 तारीख को तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 28 फरवरी को तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है, लेकिन इसके बाद 29 फरवरी से एक बार फिर तापमान में तेजी से वृद्धि होगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान मेदिनीनगर का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि खूंटी का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 25 JANUARY 2026 : जानें किस राशि का क्या है आज का राशिफल

