Kaimur : बिहार के कैमूर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के खिरी बाजार में बीती रात बदमाशों ने एक बैट्री दुकानदार की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
मृतक की शिनाख्त 18 वर्षीय सुशील कुमार के तौर पर हुई है। वह चांद थाना क्षेत्र के करवंदिया गांव निवासी रघुवंश चौरसिया का बेटा था। सुशील कुमार भभुआ थाना क्षेत्र के मोकरी गांव में अपने मौसा मुन्ना चौरसिया की बैट्री दुकान पर रहकर काम करता था। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानेदार चंद्रशेखर शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है और लगातार छापेमारी की जा रही है।
वहीं एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि गोली लगने से एक युवक की मौत हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


