Giridih : जिले के देवरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चतरो-गावां मेन रोड पर घासीडीह गांव के पास कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में जीजा-साला समेत तीन युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की शिनाख्त
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए गिरिडीह ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतकों की शिनाख्त परसाटांड़ पतरवा गांव निवासी मनीष कुमार साव (23), मारुडीह गांव निवासी विकास साव (25) और पतरवा गांव निवासी कैलाश साव (23) के तौर पर की गई है। कैलाश साव और विकास साव आपस में जीजा-साला थे।
रॉन्ग साइड से आने की आशंका
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक अपनी लेन में सही तरीके से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चली गई और ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद घायल कैलाश साव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गिरिडीह रेफर कर दिया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू, भेलवाघाटी थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, देवरी थाना के एएसआई बुद्धदेव उरांव और उपेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कोलकाता में करते थे मजदूरी
बताया जाता है कि तीनों युवक कोलकाता में रहकर मजदूरी करते थे। मकर संक्रांति के मौके पर वे घर आए थे। शनिवार को सिरनाटांड़ स्थित पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर अपने गांव पतरवा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
परिजनों में मचा कोहराम, सड़क जाम
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरो–गावां मुख्य मार्ग को कुछ देर के लिए जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने के बाद जाम हटाया गया। मृतकों के घर पर मातम पसरा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
Also Read : गोड्डा में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की पत्नी को गो’ली मा’री, भागलपुर रेफर

