Chaibasa : एटीएम मशीन में फेवीक्विक लगाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में बिहार से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के जैन मार्केट स्थित केनरा बैंक एटीएम से जुड़ी एक ठगी की घटना के बाद की गई। शनिवार को सदर एसडीपीओ बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 14 दिसंबर को मुकु बारी नामक व्यक्ति जैन मार्केट स्थित केनरा बैंक एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने एटीएम मशीन में फेवीक्विक लगाकर उनका कार्ड मशीन में फंसा दिया। बाद में मदद का झांसा देकर उनका कार्ड चुरा लिया गया और खाते से कुल 1 लाख 54 हजार 390 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना में कांड संख्या 107/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिसके बाद इस मामले में शामिल एक आरोपित की पहचान हुई।
पुलिस ने बिहार से 26 वर्षीय प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया है। वह नवादा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में वजीरगंज स्थित शिक्षक कॉलोनी में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर एटीएम मशीन में फेवीक्विक लगाकर कार्ड फंसाता था। इसके बाद पेचकस की मदद से कार्ड निकाल लिया जाता था। फिर एटीएम हेल्पलाइन नंबर का बहाना बनाकर पीड़ित से गोपनीय जानकारी हासिल की जाती और दूसरे एटीएम से रुपये निकाल लिए जाते थे।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह बिहार से आकर झारखंड के विभिन्न इलाकों में इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक आसमानी रंग का सैमसंग गैलेक्सी ए-16 मोबाइल फोन और सिल्वर स्लेटी रंग का किलर कंपनी का एक्सएल साइज जैकेट बरामद किया है। पुलिस के अनुसार यह सामान एटीएम से निकाले गए पैसों से खरीदा गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पहले अवैध शराब कारोबार के मामले में गोविंदपुर थाना, नवादा से जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस गिरोह में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में पुअनि सुनील कुमार चौधरी, पुअनि चंद्रशेखर, पुअनि धनंजय सिंह, पुअनि अभय कुमार (तकनीकी शाखा) सहित सदर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Also Read : NSUI का जन आक्रोश मार्च, दो साल से अटकी छात्रवृत्ति को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र


