Ranchi : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में ड्यूटी से घर लौट रहे मीडिया कर्मियों के साथ लूटपाट की कोशिश और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना बीती देर रात करीब करीब एक बजे की है। देवघर जिले के जसीडीह निवासी मुकेश कुमार, जो वर्तमान में रांची के कोकर सुभाष चौक इलाके में रहते हैं, ड्यूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुभाष चौक के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन व पैसे छीनने की कोशिश की। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना में कांड संख्या 06/25 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक के साथ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषभ कुमार (23 वर्ष), निवासी गोह सरैया, थाना गोह, जिला औरंगाबाद (बिहार) और मनीष कुमार (23 वर्ष), निवासी तोपा तोयरा, थाना मांडू, जिला रामगढ़ के तौर पर की गई है। दोनों वर्तमान में तिरिल, तालाब के पास, सदर थाना क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05CW-7339) भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने किया। उनके साथ सब-इंस्पेक्टर गोपाल दास, सदर थाना के सशस्त्र बल और पीसीआर टीम शामिल थी।
Also Read : चतरा में 14 वर्षीय किशोर का श’व बरामद, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया


