Ranchi : रांची समेत झारखंड के विभिन्न जेलों में अब कैदियों के परिजन घर बैठे ही ऑनलाइन पैसे भेज सकेंगे। यह नई व्यवस्था जेलों में पारदर्शिता बढ़ाने और भ्रष्टाचार रोकने के उद्देश्य से लागू की गई है। जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने बताया कि कैदियों के लिए डिजिटल अकाउंट बनाया जा रहा है। अब एक्सिस बैंक के माध्यम से परिजन मोबाइल या कंप्यूटर से सीधे पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे। कैदी इस राशि का इस्तेमाल जेल की कैंटीन से अपने लिए जरूरी सामान खरीदने में कर सकेंगे, जैसे साबुन, तेल, टूथपेस्ट, बिस्किट और नमकीन।
इससे पहले कैदियों को भेजा जाने वाला पैसा नकद लेन-देन के जरिए आता था। कई बार इसमें कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती थीं। नई डिजिटल व्यवस्था से यह समस्या खत्म होगी और लेन-देन पूरी तरह पारदर्शी होगा।
जेल प्रशासन का कहना है कि इस कदम से न केवल कैदियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रशासन का काम भी आसान होगा। कैश ट्रांजेक्शन कम होने से रिकॉर्ड डिजिटल और साफ रहेगा। परिजन अब जेल गेट पर लंबी लाइनों में खड़े होने या किसी तीसरे व्यक्ति के भरोसे पैसों का लेन-देन करने से भी बचेंगे।
आपदा प्रबंधन एवं कारा विभाग ने बताया कि बैंक के साथ समझौते के तहत सभी आवश्यक उपकरण जेलों में इंस्टॉल किए गए हैं। कैदियों के डिजिटल अकाउंट का नंबर परिजनों को उपलब्ध कराया जाएगा। अब वे आसानी से और सुरक्षित तरीके से पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे।
यह पहल झारखंड की जेलों में पारदर्शिता बढ़ाने और कैदियों के जीवन को सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
Also Read : जस्टिस संगम कुमार साहू बने पटना हाई कोर्ट के 47वें मुख्य न्यायाधीश


