Chatra : चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक 14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मनातू–इमामगंज मुख्य मार्ग पर दुलकी पुल के पास शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान चरका खुर्द गांव निवासी अयान खान (पिता- एन्नुल खान) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अयान खान सोशल मीडिया पर रील बनाकर काफी लोकप्रिय था। गांव और आसपास के लोग उसे प्रतिभाशाली और मिलनसार किशोर के रूप में जानते थे। उसके पास खुद का मोबाइल फोन नहीं था, लेकिन वह दोस्तों और परिचितों के फोन से वीडियो बनाता और अपनी रील्स लोगों को दिखाता।
घटना की जानकारी डूमरवार पंचायत समिति सदस्य इस्तियाक खान को मिली, जिन्होंने तुरंत अयान के परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि अयान का चेहरा खून से लथपथ था और सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट के निशान थे।
डूमरवार पंचायत के मुखिया रामजी पासवान ने आशंका जताई है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से किसी वाहन की टक्कर भी हादसे का कारण हो सकता है। वहीं, सिर पर गंभीर चोटों के कारण हत्या की संभावना को भी नकारा नहीं जा सकता।
प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा।


