Ranchi : झारखंड लोकसेवा आयोग (JPSC) ने वर्ष 2025-26 के लिए 28 प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 8 मार्च को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा का परिणाम अप्रैल में आने की संभावना है। इसके बाद मई में मुख्य परीक्षा और जून में साक्षात्कार प्रस्तावित है। JPSC के अनुसार 29 मार्च को झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के लगभग ढाई हजार पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ होगा।
कई अहम पदों की परीक्षाएं शामिल
कैलेंडर में सीडीपीओ, उप समाहर्ता, सहायक प्राध्यापक, आयुष चिकित्सक, वन सेवा, औद्योगिक सेवा और वैज्ञानिक सेवाओं से जुड़ी कई परीक्षाएं शामिल हैं। इन परीक्षाओं के माध्यम से राज्य में प्रशासनिक अधिकारियों, डॉक्टरों, वैज्ञानिकों और तकनीकी अधिकारियों की कमी दूर होने की उम्मीद है। हालांकि, इनमें से कई परीक्षाओं के लिए अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया है।
इन तिथियों पर होंगी प्रमुख परीक्षाएं
- वन क्षेत्र पदाधिकारी (मुख्य परीक्षा) : 22 से 24 जनवरी
- खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (साक्षात्कार) : 29 से 31 जनवरी
- यूनिवर्सिटी प्रोफेसर कम चीफ साइंटिस्ट (साक्षात्कार) : 12 फरवरी
- एसोसिएट प्रोफेसर कम सीनियर साइंटिस्ट (साक्षात्कार) : 13 फरवरी
- आयुर्वेदिक, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पदाधिकारी (लिखित) : 5 से 7 मार्च
- संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा : 8 मार्च
- सिविल सेवा बैकलॉग प्रारंभिक परीक्षा : 15 और 22 मार्च
- झारखंड पात्रता परीक्षा (जेट) : 29 मार्च
- सहायक वन संरक्षक (मुख्य) : 4 से 7 अप्रैल
- कारखाना निरीक्षक (लिखित) : 25 से 26 अप्रैल
- संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा : 2 से 4 मई
- सिविल सेवा साक्षात्कार : 16 से 19 जून
इसके अलावा बॉयलर इंस्पेक्टर, सहायक निदेशक/वैज्ञानिक, प्रोजेक्ट मैनेजर, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सहायक प्राध्यापक और सीमित उप समाहर्ता से जुड़ी परीक्षाएं और साक्षात्कार जनवरी से जून के बीच आयोजित किए जाएंगे।
Also Read : झारखंड में भीषण शीतलहर, गुमला सबसे ठंडा, पूरे राज्य में येलो अलर्ट


