Ranchi : कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए झारखंड प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी जिलों में जिला राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया है। इसी कड़ी में रांची जिले की समिति भी घोषित कर दी गई है।
रांची जिला समिति की कमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा को दी गई है। समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को शामिल किया गया है, ताकि जिला स्तर पर बेहतर समन्वय और निर्णय प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके।
18 सदस्यीय समिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, सांसद कालीचरण महतो, मंत्री-विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, विधायक राजेश कश्यप, एसटी विभाग के जिलाध्यक्ष नीरज भोक्ता, जिला परिषद सदस्य हिना परवीन और नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा समेत अन्य नेता शामिल हैं।
समिति संगठन के कामकाज, राजनीतिक गतिविधियों और कार्यक्रमों की समीक्षा करेगी। साथ ही पार्टी के अंदर आपसी तालमेल बनाए रखने, मतभेद दूर करने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी इसी समिति को दी गई है।
समिति की बैठकें नियमित रूप से होंगी और उनके निष्कर्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजे जाएंगे।


