Koderma : कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के बंधन चौक स्थित एक राशन दुकान में बीती रात चोरों ने चोरी कर 1 लाख 52 हजार रुपए नकद उड़ाए। दुकान के संचालक खुर्शीद आलम ने बताया कि सोमवार की रात उन्होंने दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि दोनों ताले टूटे हुए थे और शटर का लॉक खुला हुआ था। अंदर जाकर जांच की तो गल्ले में रखा 1.52 लाख रुपए गायब मिले।
खुर्शीद आलम ने आसपास के दुकानदारों और लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने चोरी की कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद उन्होंने मरकच्चो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मरकच्चो पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। पुलिस ने टूटे ताले और शटर का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
Also Read : सोनिया गांधी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती



