Bokaro : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2025 बैच के प्रशिक्षु पदाधिकारियों का दल शनिवार को बोकारो जिले से अपने अगले प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर DC आवास में एक सादे विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
विदाई समारोह में DC अजय नाथ झा ने प्रशिक्षु पदाधिकारियों से संवाद किया और अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय प्रशिक्षण अधिकारियों के लिए व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता, त्वरित निर्णय और जनकल्याण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इस मौके पर SP हरविंदर सिंह और उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और सुशासन व जनसेवा का संदेश दिया।
प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारियों ने बोकारो जिला प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण के दौरान मिले सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बोकारो में मिला अनुभव उनके प्रशासनिक जीवन में उपयोगी रहेगा।
इस अवसर पर प्रशिक्षु पदाधिकारियों में शोभिका पाठक, ताशी तेनजिन, सिद्धार्थ सिंह, आकाश गर्ग, पेलना वांगचुक, पवित्रा पी, माधव अग्रवाल, दिव्यांक गुप्ता, दीपक कुमार और सोनम नोरबू उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रशिक्षु पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में DC की धर्मपत्नी प्रतिमा झा, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास सुश्री प्रांजल ढांडा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।



