Dhanbad : धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र में कई अग्नि और भू-धसान प्रभावित क्षेत्रों में जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव जारी है। इसी बीच क्षेत्र में रहने वाले 40 वर्षीय सुरेंद्र सिंह की मौत हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि यह मौत गैस रिसाव के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
सूचना के अनुसार, सुरेंद्र सिंह नया धौड़ा निवासी थे और जनता मजदूर संघ के सदस्य रहे हैं। बीती रात वे अपने कमरे में सोए हुए थे और सुबह परिजनों ने उन्हें अचेत अवस्था में पाया। उन्हें तुरंत शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंदुआडीह में गैस रिसाव की समस्या वर्षों से बनी हुई है, लेकिन इसे रोकने के लिए किए जा रहे प्रयास अपर्याप्त साबित हो रहे हैं। संजीव सिंह ने बीसीसीएल प्रबंधन पर केवल कागजी कार्रवाई करने और वास्तविक समाधान नहीं करने का आरोप लगाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस रिसाव रोकने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। अब तक कुल छह बोरिंग होल किए गए हैं, जिनमें से केवल दो में नाइट्रोजन भरी गई है। इसके बावजूद समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। क्षेत्र में लगातार हो रही इन घटनाओं से लोग भयभीत हैं और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।


