Ranchi : आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अपनी जांच तेज कर दी है। एसीबी शनिवार से ऑटोमोबाइल बिजनेसमैन विनय कुमार सिंह से पूछताछ शुरू करेगी। कोर्ट से एसीबी को उनकी सात दिनों की रिमांड मिली है। जांच के तहत एसीबी ने रांची के कारोबारी श्रवण जालान और दुमका के व्यवसायी नवीन पटवारी को भी नोटिस जारी किया है। दोनों को 29 दिसंबर को रांची स्थित एसीबी कार्यालय में हाजिर होने का निर्देश दिया गया है।
एसीबी का कहना है कि ये तीनों लोग निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के करीबी बताए जाते हैं। आरोप है कि इन्होंने चौबे की अवैध कमाई को अलग-अलग व्यापारिक गतिविधियों में लगाया।जानकारी के अनुसार, श्रवण जालान पर काले धन को कई व्यवसायों में निवेश करने का आरोप है, जबकि नवीन पटवारी दुमका में टायर का कारोबार करता है।
एसीबी की जांच में यह भी सामने आया है कि काले धन को छिपाने और सफेद करने के लिए शेल कंपनियों का सहारा लिया गया। इन कंपनियों के संचालन में चौबे के कुछ करीबी लोगों की भूमिका होने की बात कही जा रही है। एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि इस तरीके से कितनी राशि को वैध बनाया गया। इस मामले में एसीबी ने 24 नवंबर को रांची में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मामले की जांच अभी जारी है।


