Jamtara : जामताड़ा जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। बुधवार शाम जामताड़ा मुख्य बाजार स्थित बालाजी ज्वेलर्स में लूट और दुकानदार को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस अभी उस मामले से उबर भी नहीं पाई थी कि चोरों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। गुरुवार की मध्य रात्रि मिहिजाम के सबसे व्यस्त इलाके स्टेशन रोड स्थित शिरडी ज्वेलर्स में चोरी की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई, जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा। दुकान का शटर उठाते ही उसने देखा कि अंदर रखे सभी जेवरात गायब हैं।

दुकानदार के अनुसार चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार काटकर वारदात को अंजाम दिया है। चोरी की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और जांच प्रक्रिया शुरू की है। फिलहाल चोरी गए सामान की मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर मिहिजाम के व्यवसायी वर्ग में नाराजगी और भय का माहौल देखा जा रहा है। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Also Read : BREAKING : जामताड़ा के बालाजी ज्वेलर्स में लूट, दुकानदार को मा’री गोली


