Dhanbad : धनबाद जिले में शुक्रवार को एक युवक का शव नाले में बरामद किया गया। युवक की शिनाख्त 42 वर्षीय संतोष शर्मा के तौर पर की गई है। संतोष शर्मा डुमरी मोड़ पर एसटीडी और फोटो फ्रेमिंग की दुकान चलाते थे। यह घटना जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी नंबर दो इलाके में सामने आई। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने सुबह नाले में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जोड़ापोखर थाना पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजन और मोहल्ले की महिलाएं बता रही हैं कि संतोष शर्मा स्वभाव से शांत और मिलनसार व्यक्ति थे। गुरुवार रात उन्होंने अपनी पत्नी को फोन कर कहा था कि वह घर लौट रहे हैं और खाना तैयार रखे। लेकिन शुक्रवार सुबह उनका शव नाले में मिला। परिजन का कहना है कि शव पर चोट के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारण का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read : IG सुनील भास्कर का निर्देश- घर से बाहर जाएं, तो थाना को बताएं


