Dumka : रानेश्वर थाना क्षेत्र के भुस्कीपहाड़ी गांव में सौतेली मां की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलवान मोहली के रूप में हुई है। थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि इस मामले में गांव निवासी सुनील मोहली ने थाने में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, बीते 21 दिसंबर की रात आरोपी दिलवान मोहली ने अपनी सौतली मां सुंदरी मोहली (54) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना से पहले रात में खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद में आकर आरोपी ने धान काटने वाले हंसुआ से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हंसुआ और खून से सना टी-शर्ट भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
Also Read : PLFI के दो सदस्य संगठन से निष्कासित, जोनल कमांडर के नाम से आदेश जारी

