Jamshedpur : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में जालसाजी और पद के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। जमशेदपुर स्थित EPFO कार्यालय में कार्यरत सेक्शन सुपरवाइजर मनोज कुमार राय के खिलाफ रांची के डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह FIRअरुण कुमार की शिकायत पर दर्ज की गई है। मामला एक मृत सदस्य मो. रियाज से जुड़े भविष्य निधि, पेंशन और ईडीएलआई दावों को गलत तरीके से पास कराने के प्रयास से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, मेसर्स जैन ट्रेवल्स ने 4 नवंबर को ईपीएफओ कार्यालय में शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि मनोज कुमार राय ने 29 अक्टूबर को बिना अनुमति दिन और रात में दो बार प्रतिष्ठान का दौरा किया और दावों को प्रमाणित कराने का दबाव बनाया।
जैन ट्रेवल्स ने आरोप लगाया कि दावे पास कराने के लिए उनके लेटरहेड, मुहर और हस्ताक्षर की जालसाजी की गई। इसके समर्थन में प्रतिष्ठान की ओर से वीडियो और ऑडियो फुटेज पेन ड्राइव के जरिए ईपीएफओ को सौंपे गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ईपीएफओ ने एक प्रवर्तन अधिकारी को जांच के लिए भेजा। जांच के दौरान जैन ट्रेवल्स ने 11 और 18 नवंबर को लिखित स्पष्टीकरण दिया और साफ किया कि उन्होंने किसी भी दावे का प्रमाण नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि दस्तावेजों पर लगे हस्ताक्षर और मुहर उनके नहीं हैं।
इसके अलावा कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि मृत्यु दावा आवेदन खुद आरोपी मनोज कुमार राय ने डाक प्राप्ति काउंटर पर जमा किया था। आरोप है कि ईपीएफओ की राशि निकालने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


