Koderma : कोडरमा जंक्शन पर एक सरकारी कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नवादा (बिहार) निवासी 49 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। वे मरकच्चो प्रखंड कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार पंकज कुमार जम्मूतवी एक्सप्रेस से गया जी अपनी पत्नी से मिलने जा रहे थे। ट्रेन खुलने में कम समय बचा था, इसी जल्दबाजी में वे प्लेटफॉर्म पर दौड़ पड़े। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिरकर बेहोश हो गए। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद यात्रियों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने तुरंत मदद की। आरपीएफ के जवान उन्हें अपने वाहन से एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई। इसके बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
घटना की सूचना मिलने पर मरकच्चो प्रखंड के बीडीओ, कार्यालय के कर्मचारी और जिले के वरिष्ठ अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों को भी जानकारी दी गई, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
बताया गया है कि पंकज कुमार पिछले दो वर्षों से मरकच्चो प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित थे। इससे पहले वे निर्वाचन विभाग में कार्यरत थे। उनकी पत्नी गया जी जिले में शिक्षिका हैं और उनके दो छोटे बच्चे हैं।


