Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले में पुटकी थाना क्षेत्र के चरुड़ीह स्थित विनोद इंडियन पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के दौरान एक स्कॉर्पियो कार के इंजन में अचानक आग लग गई। इस घटना से पंप परिसर में अफरातफरी मच गई।
हालांकि, पंप कर्मियों की त्वरित सूझबूझ और सतर्कता के कारण स्कॉर्पियो को तुरंत पंप से बाहर निकाल दिया गया, जिससे आग पेट्रोल पंप के टैंक तक पहुंचकर बड़ा विस्फोट नहीं कर सकी। आग लगने की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण बताया जा रहा है, जबकि पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों और पंप कर्मचारियों ने मिलकर पानी टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन स्कॉर्पियो को आंशिक नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने बताया कि यदि आग पंप परिसर में फैलती, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
घटना के बाद पेट्रोल पंप पर थोड़ी देर के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी गई, लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद पंप को फिर से चालू कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और पंप कर्मियों की तारीफ की।
Also Read : झारखंड में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन होगा जल्द… जानें


