Jamshedpur : जमशेदपुर में निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा के लिए डीसी ऑफिस सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी कर्ण सत्यार्थी ने की। इसमें अतिक्रमण, भूमि अधिग्रहण, विद्युत लाइन, पेयजल पाइपलाइन शिफ्टिंग और अन्य लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
डीसी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित विभागों के साथ मिलकर एक हफ्ते के अंदर स्थल का संयुक्त निरीक्षण करें और आवश्यक सर्वेक्षण के आधार पर समस्या का समाधान निकालें। अतिक्रमण वाले क्षेत्रों में स्वीकृत नक्शा और डिजाइन के अनुसार काम शुरू करने तथा भूमि अधिग्रहण में समय पर मुआवजा देने पर जोर दिया गया।
गलत म्यूटेशन के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए डीसी ने अंचल निरीक्षक जमशेदपुर को ऐसे मामलों को रद्द करने के निर्देश दिए। वहीं, बाबा तिलका माझी डिमना चौक से जुड़े विवाद को हल करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने को कहा गया।
डीसी ने कहा कि सड़क परियोजनाएं क्षेत्र के विकास और सुगम आवागमन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सभी काम समय पर, पारदर्शी और नागरिक सुविधाओं को बाधित किए बिना किए जाएं। उन्होंने सभी विभागों और एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ प्राथमिकता के आधार पर काम करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, अपर उपायुक्त भागीरथ प्रसाद, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी गुंजन कुमारी सिन्हा, एसडीओ धालभूम चंद्रजीत सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, टाटा स्टील यूआईएसएल और संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।


