Jamshedpur : मानगो थाना परिसर में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार टक्कर के विवाद को लेकर दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि थाना परिसर के अंदर ही जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुई। इस घटना में तीन पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत रविवार रात करीब 9 बजे मानगो रोड नंबर-1 पर दो कारों की टक्कर से हुई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच सड़क पर कहासुनी और मारपीट हुई, जिसमें दोनों ओर से चार लोग घायल हो गए। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने मानगो थाना पहुंचे, लेकिन वहां भी विवाद शांत होने के बजाय और उग्र हो गया।
थाना परिसर में दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। उग्र लोगों ने थाने में रखी अलमारी गिरा दी, कागजात बाहर फेंक दिए और वायरलेस सेट को भी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान पुलिस द्वारा झगड़ा रोकने की कोशिश पर भी लोग नहीं माने और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को क्यूआरटी बुलानी पड़ी, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच एक सप्ताह पहले भी मारपीट हो चुकी थी। दोनों पक्ष अस्पताल संचालन को लेकर लंबे समय से विवाद में हैं। एक पक्ष रहमत खान, जो मानगो में सिम्स अस्पताल चलाते हैं, जबकि दूसरे पक्ष के मुमताज दया अस्पताल के संचालक हैं। दोनों अस्पताल एक-दूसरे के पास स्थित हैं।
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करने और पथराव के आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


