- Bokaro : बोकारो सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2सी स्थित श्री वैष्णवी ज्वेलर्स में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान से नकदी और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए, जबकि दुकान में रखा लॉकर सुरक्षित रहा। लॉकर नहीं टूटने के कारण उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी होने से बच गए।
दुकान के मालिक राजू कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर रामनगर कॉलोनी स्थित अपने घर चले गए थे। सुबह उन्हें मकान मालिक से सूचना मिली कि दुकान का सीसीटीवी कैमरा टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही जब वह दुकान पहुंचे तो देखा कि एस्बेस्टस की शीट टूटी हुई थी और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने दुकान में रखी नकदी और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ किया है। हालांकि वे लॉकर खोलने में सफल नहीं हो सके। दुकान मालिक के अनुसार अभी तक चोरी गए सामान और नकदी का सही आकलन नहीं हो पाया है। नुकसान की पूरी जानकारी दुकान की साफ-सफाई और सामान की गिनती के बाद ही सामने आ सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।


