Giridih : पचम्बा थाना क्षेत्र के हरीचक में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। गिरिडीह–कोडरमा रेलखंड पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश दास, उम्र लगभग 30 वर्ष, के रूप में हुई। सुबह के समय ग्रामीणों ने पटरी के पास एक शव देखा और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पचम्बा थाना पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि युवक ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर जान दी है। शव पटरी के किनारे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त स्थिति में पड़ा था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की खबर जैसे ही घर पहुंची, प्रकाश के पिता टूपलाल दास, पत्नी और बच्चे भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने प्रकाश को पटरी पर पड़ा देखा तो परिजन फफक पड़े। पूरे परिवार में मातम छा गया है।
कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। जांच में यह बात सामने आ रही है कि घर में संपत्ति बंटवारे को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। आशंका है कि मनमुटाव से परेशान होकर प्रकाश ने यह कदम उठाया हो। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। लोग परिवार के दर्द को देखकर स्तब्ध हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Also Read : झारखंड में 15 दिसंबर से धान की MSP पर सरकारी खरीद शुरू, 700 से अधिक केंद्र तैयार


