Jamshedpur : झारखंड सरकार अब मिडिल क्लास परिवारों के लिए किफायती फ्लैट बनाने जा रही है। इसके लिए नई योजना तैयार की जा रही है और जल्द ही नगर विकास विभाग इसका नोटिफिकेशन सभी जिलों को भेजेगा। यह योजना शहरी क्षेत्रों के लिए होगी और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के साथ संचालित की जाएगी।
फ्लैट की विशेषताएं
योजना के तहत 2, 3 और 4 BHK फ्लैट बनाए जाएंगे। नए फ्लैट में हॉल और बेडरूम का आकार बड़ा होगा। इसके अलावा आवासीय परिसर में पार्किंग, सामुदायिक भवन और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। अधिकारियों के अनुसार, 2 BHK फ्लैट की कीमत 8 लाख रुपये तक हो सकती है। फ्लैट किफायती दाम पर बेचे जाएंगे या सरकार सब्सिडी वाले लोन के माध्यम से उपलब्ध कराएगी।
जमशेदपुर में जमीन की तलाश
नगर निकायों को नए आवासीय परिसर के लिए 30 से 50 एकड़ जमीन चाहिए होगी। जमशेदपुर में जमीन की कमी की बात कही जा रही है। वर्तमान में बिरसा नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 38 एकड़ जमीन पर फ्लैट बनाए जा रहे हैं। ब्लॉक 8 और 23 में निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अन्य ब्लॉकों में भी काम अधूरा है। नगर निकाय अब नई योजना के लिए जमीन देखने में जुटा है। अधिकारी यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ब्लॉक 8 और 23 में तैयार फ्लैट जल्द से जल्द लाभुकों को सौंप दिए जाएं।
फ्लैट रेंट पर भी उपलब्ध होंगे
सरकार रेंट पर फ्लैट देने की योजना पर भी काम कर रही है। इसमें 2 और 3 BHK फ्लैट शामिल होंगे। नया फ्लैट योजना शहर में पढ़ाई या काम करने आए लोगों के लिए सुविधा प्रदान करेगा। नगर निकाय इस योजना के तहत फ्लैट किराए पर उपलब्ध कराएंगे, ताकि लोगों को किराए के मकान तलाशने में परेशानी न हो और दलालों के चक्कर से बचा जा सके।
Also Read : महाकाल मंदिर में नए साल 2026 पर ऑनलाइन बुकिंग बंद, बदलेगी दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था


