Godda : पुराने समाहरणालय के मुख्य गेट के पास बिना अनुमति डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर शहर में विवाद खड़ा हो गया है। बाबा साहब के महापरिनिर्वाण दिवस के दिन हुई इस घटना ने प्रशासन को सतर्क कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने रातों–रात सरकारी जमीन पर प्रतिमा स्थापित कर दी, जबकि इसके लिए किसी अधिकृत अधिकारी से अनुमति नहीं ली गई थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
बिना अनुमति प्रतिमा लगाने पर 17 लोगों पर एफआईआर
प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए तुरंत कार्रवाई की है। एसडीएम बैधनाथ उरांव के आदेश पर 17 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके साथ ही पुराने समाहरणालय के 500 गज क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया गया है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
प्रतिमा लगाए जाने के बाद आसपास भीड़ जुटने लगी थी, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति सरकारी भूमि पर कोई प्रतिमा या निर्माण कार्य करना कानून का उल्लंघन है और इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर थाना प्रभारी दिनेश महली ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और प्रशासन की प्राथमिकता शहर में शांति बनाए रखना है। किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति को बढ़ने नहीं दिया जाएगा।
Also Read : गिरिडीह के जंगली क्षेत्र में अभ्रक कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, दो गोदाम सील


