Ranchi : रांची समेत पूरे झारखंड में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी ठंड बढ़ जाती है, तो कभी तापमान बढ़ने से हल्की गर्मी महसूस होती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मंगलवार की सुबह कोहरा या हल्की धुंध रहने की संभावना है, जबकि बाद में आंशिक बादल छा सकते हैं। तापमान गिरने के बाद 5 दिसंबर से कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका जताई गई है। सोमवार को सुबह से आसमान बादलों से ढका रहा और कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। लोग दिनभर धूप का इंतज़ार करते नजर आए।
गुमला में ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। तीन से पाँच दिसंबर के बीच राज्य में तीखी ठंड पड़ेगी। रांची का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है, जबकि मैक्लुस्कीगंज और कांके में तापमान 5 डिग्री तक पहुंच सकता है। अगले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी दिखने की संभावना है।
जामताड़ा में सुबह हल्का कोहरा देखा गया। वहीं, बदलते मौसम और बढ़ती ठंड को देखते हुए नेशनल हेल्थ मिशन ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि लोग गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें और पर्याप्त भोजन लें। सर्दी-खांसी, जुकाम या फ्लू के लक्षण दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य कार्यकर्ता या डॉक्टर से संपर्क करें। नियमित रूप से गर्म पानी पिएं और ठंड से बेहोशी या जुबान लड़खड़ाने जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
Also Read : BREAKING : धुर्वा में युवक की गोली मा’रकर ह’त्या, पुलिस जुटी जांच में


