Ranchi : झारखंड आज अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है। 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। स्थापना दिवस के मौके पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य समारोह और सांस्कृतिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
मुख्य समारोह में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि होंगे। दोपहर 1 बजे तक दर्शकों के बैठने की व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी, जिसके बाद औपचारिक कार्यक्रम शुरू होगा। मोरहाबादी मैदान को झारखंड थीम पर सजाया गया है और मंच पर राज्य की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
झारखंड की संस्कृति और कला की झलक
स्थापना दिवस के अवसर पर रांची के विभिन्न हिस्सों में वॉल पेंटिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। इन पेंटिंग्स में झारखंड की पारंपरिक कला, सोहराय और खोवादाई चित्रकला, आदिवासी जीवन शैली, वन्य जीवन, लोक नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रतीक शामिल हैं। शहर की दीवारों पर इन चित्रों के माध्यम से झारखंड की संस्कृति और लोक कथाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्थापना दिवस पर कुल 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिसमें 2,000 अधिकारी और 8,000 पुलिसकर्मी शामिल हैं। यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वाहनों की रोकथाम :
- 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
- सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक छोटे और बड़े मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित होगा।
- ई-रिक्शा का संचालन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा।
विशेष मार्ग बंद :
- कांके, चाईबासा, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पलामू, लोहरदगा, जमशेदपुर और बूटी मोड़ से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग प्रवेश सीमा तय की गई है।
- बूटी मोड़ चौक, रिम्स चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक और जेल चौक के आसपास सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश कार्यक्रम में शामिल वाहनों को छोड़कर बंद रहेगा।
- रेलवे स्टेशन से पटेल चौक तक, शालीमार बाजार से हाईकोर्ट गेट तक, कांके राम मंदिर चौक से एटीआई तक और अन्य मुख्य मार्गों पर ऑटो/ई-रिक्शा का परिचालन वर्जित रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था
- मुख्यमंत्री और वीवीआईपी वाहन मुख्य मंच के पीछे बने पार्किंग स्थल पर।
- अन्य वीआईपी और पदाधिकारी वाहन नीलांबर-पीतांबर पार्क (ऑक्सीजन पार्क) में।
- मीडिया कर्मियों के वाहन हॉकी स्टेडियम के पास।
- विभिन्न जिलों से आने वाले लाभुकों के वाहन आर्मी मैदान में पार्क किए जाएंगे।
झारखंड स्थापना दिवस का यह कार्यक्रम राज्य की सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को आम जनता के सामने पेश करने का एक शानदार अवसर है।
Also Read : धुर्वा डैम में अनियंत्रित होकर गिरी गाड़ी, तीन पुलिसकर्मी की मौ’त

