Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा सीट पर कल यानी 12 नवंबर को मतदान होगा। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के 300 मतदान केंद्रों पर मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डालेंगे। उपचुनाव के लिए आज यानी सोमवार को 1,200 मतदानकर्मियों को बूथों पर भेजा जा रहा है, जबकि 120 कर्मियों को रिजर्व रखा गया है। सभी कर्मियों की रवानगी बिष्टुपुर के को-ऑपरेटिव कॉलेज से की जा रही है। यह चुनाव JMM के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के शिक्षा मंत्री रहे रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन के कारण हो रहा है।
सुबह साढ़े 5 बजे होगा मॉक पोल
सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 5:30 बजे राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल कराया जाएगा। रविवार शाम 5 बजे से उपचुनाव के लिए साइलेंस पीरियड शुरू हो गया है, जो मतदान शुरू होने से 48 घंटे पहले लागू होता है। इस दौरान किसी भी तरह का प्रचार, रैली या रोड शो पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 300 पोलिंग स्टेशनों पर 10 कंपनियों का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारू और सुरक्षित रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

कुल मतदाता और खास आंकड़े
इस उपचुनाव में कुल 2,56,352 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1,25,114 पुरुष, 1,31,235 महिलाएं और 372 सर्विस वोटर शामिल हैं। इस बार 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 16,601 नए मतदाता भी वोट डालेंगे। वहीं, 2,738 दिव्यांग मतदाता और 1 एनआरआई वोटर भी सूची में शामिल हैं। वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या भी खास है 100 वर्ष से अधिक उम्र की 3 महिलाएं, 90-99 वर्ष की 129 महिलाएं, 80-89 वर्ष की 934 महिलाएं, और 70-79 वर्ष की 4,021 महिला मतदाता इस बार मतदान करेंगी।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम
चुनाव आयोग ने महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए 5 ‘पिंक बूथ’ बनाए हैं, जिनका संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा।
Also Read : WhatsApp लेकर आ रहा नया ‘मीडिया हब’ फीचर, एक जगह दिखेंगे सभी फोटो-वीडियो और डॉक्यूमेंट्स

